अग्निपुराण – अध्याय 050
॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥
पचासवाँ अध्याय
चण्डी आदि देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के लक्षण
मत्स्यादिदशावतारप्रतिमालक्षणवर्णनम्

श्रीभगवान् बोले — चण्डी बीस भुजाओं से विभूषित होती है। वह अपने दाहिने हाथों में शूल, खड्ग, शक्ति, चक्र, पाश, खेट, आयुध, अभय, डमरू और शक्ति धारण करती है। बायें हाथों में नागपाश, खेटक, कुठार, अंकुश, पाश, घण्टा, आयुध, गदा, दर्पण और मुद्गर लिये रहती है। अथवा चण्डी की प्रतिमा दस भुजाओं से युक्त होनी चाहिये। उसके चरणों के नीचे कटे हुए मस्तकवाला महिष हो। उसका मस्तक अलग गिरा हुआ हो। वह हाथों में शस्त्र उठाये हो । उसकी ग्रीवा से एक पुरुष प्रकट हुआ हो, जो अत्यन्त कुपित हो। उसके हाथ में शूल हो, वह मुँह से रक्त उगल रहा हो। उसके गले की माला, सिर के बाल और दोनों नेत्र लाल दिखायी देते हों। देवी का वाहन सिंह उसके रक्त का आस्वादन कर रहा हो। उस महिषासुर के गले में खूब कसकर पाश बाँधा गया हो। देवी का दाहिना पैर सिंह पर और बायाँ पैर नीचे महिषासुर के शरीर पर हो ॥ १-५ ॥

ये चण्डीदेवी त्रिनेत्रधारिणी हैं तथा शस्त्रों से सम्पन्न रहकर शत्रुओं का मर्दन करने वाली हैं। नवकमलात्मक पीठ पर दुर्गा की प्रतिमा में उनकी पूजा करनी चाहिये। पहले कमल के नौ दलों में तथा मध्यवर्तिनी कर्णिका में इन्द्र आदि दिक्पालों की तथा नौ तत्त्वात्मिका शक्तियों के साथ दुर्गा की 1  पूजा करे ॥ ६१/२

दुर्गाजी की एक प्रतिमा अठारह भुजाओं की होती है। वह दाहिने भाग के हाथों में मुण्ड, खेटक, दर्पण, तर्जनी, धनुष, ध्वज, डमरू, ढाल और पाश धारण करती है तथा वाम भाग की भुजाओं में शक्ति, मुद्गर, शूल, वज्र, खड्ग, अंकुश, बाण, चक्र और शलाका लिये रहती है। सोलह बाँहवाली दुर्गा की प्रतिमा भी इन्हीं आयुधों से युक्त होती है। अठारह में से दो भुजाओं तथा डमरू और तर्जनी –  इन दो आयुधों को छोड़कर शेष सोलह हाथ उन पूर्वोक्त आयुधों से ही सम्पन्न होते हैं। रुद्रचण्डा आदि नौ दुर्गाएँ इस प्रकार हैं — रुद्रचण्डा, प्रचण्डा, चण्डोग्रा, चण्डनायिका, चण्डा, चण्डवती, चण्डरूपा और अतिचण्डिका। ये पूर्वादि आठ दिशाओं में पूजित होती हैं तथा नवीं उग्रचण्डा मध्यभाग में स्थापित एवं पूजित होती हैं। रुद्रचण्डा आदि आठ देवियों की अङ्ग कान्ति क्रमशः गोरोचना के सदृश पीली, अरुणवर्णा, काली, नीली, शुक्लवर्णा, धूम्रवर्णा, पीतवर्णा और श्वेतवर्णा है। ये सब की सब सिंहवाहिनी हैं। महिषासुर के कण्ठ से प्रकट हुआ जो पुरुष है, वह शस्त्रधारी है और ये पूर्वोक्त देवियाँ अपनी मुट्ठी में उसका केश पकड़े रहती हैं ॥ ७-१२ ॥

ये नौ दुर्गाएँ आलीढा 2  आकृति की होनी चाहिये। पुत्र-पौत्र आदि की वृद्धि के लिये इनकी स्थापना ( एवं पूजा) करनी उचित है। गौरी ही चण्डिका आदि देवियों के रूप में पूजित होती हैं। वे ही हाथों में कुण्डी, अक्षमाला, गदा और अग्नि धारण करके ‘रम्भा’ कहलाती हैं। वे ही वन में ‘सिद्धा’ कही गयी हैं। सिद्धावस्था में वे अग्नि से रहित होती हैं। ‘ललिता’ भी वे ही हैं। उनका परिचय इस प्रकार है — उनके एक बायें हाथ में गर्दनसहित मुण्ड है और दूसरे में दर्पण दाहिने हाथ में फलाञ्जलि है और उससे ऊपर के हाथ में सौभाग्य की मुद्रा ॥ १३-१४१/२

लक्ष्मी के दायें हाथ में कमल और बायें हाथ में श्रीफल होता है। सरस्वती के दो हाथों में पुस्तक और अक्षमाला शोभा पाती है और शेष दो हाथों में वे वीणा धारण करती हैं। गङ्गाजी की अङ्ग-कान्ति श्वेत है। वे मकर पर आरूढ़ हैं। उनके एक हाथ में कलश है और दूसरे में कमल । यमुना देवी कछुए पर आरूढ हैं। उनके दोनों हाथों में कलश है और वे श्यामवर्णा हैं। इसी रूप में इनकी पूजा होती है। तुम्बुरु की प्रतिमा वीणासहित होनी चाहिये। उनकी अङ्गकान्ति श्वेत है। शूलपाणि शंकर वृषभ पर आरूढ़ हो मातृकाओं के आगे- आगे चलते हैं। ब्रह्माजी की प्रिया सावित्री गौरवर्णा एवं चतुर्मुखी हैं। उनके दाहिने हाथों में अक्षमाला और स्रुक् शोभा पाते हैं और बायें हाथों में वे कुण्ड एवं अक्षपात्र लिये रहती हैं। उनका वाहन हंस है। शंकरप्रिया पार्वती वृषभ पर आरूढ होती है। उनके दाहिने हाथों में धनुष-बाण और बायें हाथों में चक्र धनुष शोभित होते हैं। कौमारी शक्ति मोर पर आरूढ होती है। उसकी अङ्गकान्ति लाल है। उसके दो हाथ हैं और वह अपने हाथों में शक्ति धारण करती है ॥ १५-१९ ॥

लक्ष्मी (वैष्णवी शक्ति) अपने दायें हाथों में चक्र और शङ्ख धारण करती हैं तथा बायें हाथों में गदा एवं कमल लिये रहती हैं। वाराही शक्ति भैंसे पर आरूढ होती है। उसके हाथ दण्ड, शङ्ख, चक्र और गदा से सुशोभित होते हैं। ऐन्द्री शक्ति ऐरावत हाथी पर आरूढ होती है। उसके सहस्र नेत्र हैं तथा उसके हाथों में वज्र शोभा पाता है। ऐन्द्री देवी पूजित होने पर सिद्धि प्रदान करने वाली हैं। चामुण्डा की आँखें वृक्ष के खोखले की भाँति गहरी होती हैं। उनका शरीर मांसरहित-कंकाल दिखायी देता है। उनके तीन नेत्र हैं। मांसहीन शरीर में अस्थिमात्र ही सार है। केश ऊपर की ओर उठे हुए हैं। पेट सटा हुआ है। वे हाथी का चमड़ा पहनती हैं। उनके बायें हाथों में कपाल और पट्टिश है तथा दायें हाथों में शूल और कटार । वे शव पर आरूढ़ होती और हड्डियों के गहनों से अपने शरीर को विभूषित करती हैं ॥ २०-२२१/२

विनायक (गणेश) की आकृति मनुष्य के समान है; किंतु उनका पेट बहुत बड़ा है। मुख हाथी के समान है और सूँड़ लंबी है। वे यज्ञोपवीत धारण करते हैं। उनके मुख की चौड़ाई सात कला है। और सूँड़ की लंबाई छत्तीस अङ्गुल। उनकी नाड़ी (गर्दन के ऊपर की हड्डी) बारह कला विस्तृत और गर्दन डेढ़ कला ऊँची होती है। उनके कण्ठभाग की लंबाई छत्तीस अङ्गुल है और गुह्यभाग का घेरा डेढ़ अङ्गुल । नाभि और ऊरु का विस्तार बारह अङ्गुल है। जाँघों और पैरों का भी यही माप है। वे दाहिने हाथों में गजदन्त और फरसा धारण करते हैं तथा बायें हाथों में लड्डू एवं उत्पल लिये रहते हैं ॥ २३-२६ ॥

स्कन्द स्वामी मयूर पर आरूढ हैं। उनके उभय पार्श्व में सुमुखी और विडालाक्षी मातृका तथा शाख और विशाख अनुज खड़े हैं। उनके दो भुजाएँ हैं। वे बालरूपधारी हैं। उनके दाहिने हाथ में शक्ति शोभा पाती है और बायें हाथ में कुक्कुट। उनके एक या छः मुख बनाने चाहिये । गाँव में उनके अर्चाविग्रह को छः अथवा बारह भुजाओं से युक्त बनाना चाहिये, परंतु वन में यदि उनकी मूर्ति स्थापित करनी हो तो उसके दो ही भुजाएँ बनानी चाहिये। कौमारी शक्ति की छहों दाहिनी भुजाओं में शक्ति, बाण, पाश, खड्ग, गदा और तर्जनी (मुद्रा) – ये अस्त्र रहने चाहिये और छः बायें हाथों में मोरपंख, धनुष, खेट, पताका, अभयमुद्रा तथा कुक्कुट होने चाहिये। रुद्रचर्चिका देवी हाथी के चर्म धारण करती हैं। उनके मुख और एक पैर ऊपर की ओर उठे हैं। वे बायें दायें हाथों में क्रमशः कपाल, कर्तरी, शूल और पाश धारण करती हैं। वे ही देवी – ‘अष्टभुजा’ के रूप में भी पूजित होती हैं ॥ २७-३१ ॥

मुण्डमाला और डमरू से युक्त होने पर वे ही ‘रुद्रचामुण्डा’ कही गयी हैं। वे नृत्य करती हैं, इसलिये ‘नाट्येश्वरी’ कहलाती हैं। ये ही आसन पर बैठी हुई चतुर्मुखी ‘महालक्ष्मी’ (की तामसी मूर्ति) कही गयी हैं, जो अपने हाथों में पड़े हुए मनुष्यों, घोड़ों, भैंसों और हाथियों को खा रही हैं। ‘सिद्धचामुण्डा’ देवी के दस भुजाएँ और तीन नेत्र हैं। ये दाहिने भाग के पाँच हाथों में शस्त्र, खड्ग तथा तीन डमरू धारण करती हैं और बायें भाग के हाथों में घण्टा, खेटक, खट्वाङ्ग, त्रिशूल (और ढाल) लिये रहती हैं। ‘सिद्धयोगेश्वरी’ देवी सम्पूर्ण सिद्धि प्रदान करनेवाली हैं। इन्हीं देवी की स्वरूपभूता एक दूसरी शक्ति हैं, जिनकी अङ्गकान्ति अरुण है। ये अपने दो हाथों में पाश और अंकुश धारण करती हैं तथा ‘भैरवी’ नाम से विख्यात हैं। ‘रूपविद्या देवी’ बारह भुजाओं से युक्त कही गयी हैं। ये सब की सब श्मशानभूमि में प्रकट होनेवाली तथा भयंकर हैं। इन आठों देवियों को ‘अम्बाष्टक’ 3 कहते हैं ॥ ३२-३६ ॥

‘क्षमादेवी’ – शिवाओं (शृगालियों) से आवृत हैं। वे एक बूढ़ी स्त्री के रूप में स्थित हैं। उनके दो भुजाएँ हैं। मुँह खुला हुआ है। दाँत निकले हुए हैं तथा ये धरती पर घुटनों और हाथ का सहारा लेकर बैठी हैं। उनके द्वारा उपासकों का कल्याण होता है। यक्षिणियों की आँखें स्तब्ध (एकटक देखने वाली) और बड़ी होती हैं। शाकिनियाँ वक्रदृष्टि से देखने वाली होती हैं। अप्सराएँ सदा ही अत्यन्त रमणीय एवं सुन्दर रूपवाली हुआ करती हैं। इनकी आँखें भूरी होती हैं ॥ ३७-३८ ॥

भगवान् शंकर के द्वारपाल नन्दीश्वर एक हाथ में अक्षमाला और दूसरे में त्रिशूल लिये रहते हैं। महाकाल के एक हाथ में तलवार, दूसरे में कटा हुआ सिर, तीसरे में शूल और चौथे में खेट होना चाहिये। भृङ्गी का शरीर कृश होता है। वे नृत्य की मुद्रा में देखे जाते हैं। उनका मस्तक कूष्माण्ड के समान स्थूल और गंजा होता है। वीरभद्र आदि गण हाथी और गाय के समान कान और मुखवाले होते हैं। घण्टाकर्ण के अठारह भुजाएँ होती हैं। वे पाप और रोग का विनाश करनेवाले हैं। वे बायें भाग के आठ हाथों में वज्र, खड्ग, दण्ड, चक्र, बाण, मुसल, अंकुश और मुद्रर तथा दायें भाग के आठ हाथों में तर्जनी, खेट, शक्ति, मुण्ड, पाश, धनुष, घण्टा और कुठार धारण करते हैं। शेष दो हाथों में त्रिशूल लिये रहते हैं। घण्टा की माला से अलंकृत देव घण्टाकर्ण विस्फोटक (फोड़े, फुंसी एवं चेचक आदि) का निवारण करनेवाले हैं ॥ ३९-४३ ॥

॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘चण्डी आदि देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के लक्षणों का निरूपण’ नामक पचासवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ ५० ॥

1. इन नौ तत्त्वात्मिका शक्तियों की नामावली इस प्रकार समझनी चाहिये — अग्निपुराण अध्याय २१ में — लक्ष्मी, मेधा, कला, तुष्टि, पुष्टि, गौरी, प्रभा मति और दुर्गा — ये नाम आये हैं तथा तन्त्रसमुच्चय और मन्त्रमहार्णव के अनुसार इन शक्तियों के ये नाम हैं — प्रभा, माया, जया, सूक्ष्मा, विशुद्धा, नन्दिनी, सुप्रभा, विजया तथा सर्वसिद्धिदा।

2. वाचस्पत्यकोष में आलीढ का लक्षण इस प्रकार दिया गया है —
भुग्नवामपदं पश्चात्स्तब्धजानूरुदक्षिणम् ।
वितस्त्यः पञ्च विस्तारे तदालीढं प्रकीर्तितम् ॥
जिसमें मुड़ा हुआ बायाँ पैर तो पीछे हो और तने हुए घुटने तथा ऊरुवाला दाहिना पैर आगे की ओर हो, दोनों के बीच का विस्तार पाँच बिता हो तो इस प्रकार के आसन या अवस्थान को ‘आलीढ’ कहा गया है।

3.  रुद्रचण्डा, अष्टभुजा (या रुद्रचामुण्डा), नाट्येश्वरी, चतुर्मुखी महालक्ष्मी, सिद्धचामुण्डा, सिद्धयोगेश्वरी, भैरवी तथा रूपविद्या — इन आठ देवियों को ही ‘अम्बाष्टक’ कहा गया है।

Content is available only for registered users. Please login or register

Please follow and like us:
Pin Share

Discover more from Vadicjagat

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.