अग्निपुराण – अध्याय 102
॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥
एक सौ दोवाँ अध्याय
ध्वजारोपण की विधि
ध्वजारोपणम्

भगवान् शंकर कहते हैं — स्कन्द ! देव- मन्दिर में शिखर, ध्वजदण्ड एवं ध्वज की प्रतिष्ठा जिस प्रकार बतायी गयी है, उसका तुमसे वर्णन करता हूँ। शिखर के आधे भाग में शूल का प्रवेश हो अथवा सम्पूर्ण शूल के आधे भाग का शिखर में प्रवेश कराकर प्रतिष्ठा करनी चाहिये। ईंटों के बने हुए मन्दिर में लकड़ी का शूल होना चाहिये और प्रस्तर निर्मित मन्दिर में प्रस्तर का विष्णु आदि के मन्दिर में कलश को चक्र से संयुक्त करना चाहिये । वह कलश देवमूर्ति की माप के अनुरूप ही होना चाहिये। कलश यदि त्रिशूल से युक्त हो तो ‘अग्रचूल’ या अगचूड नाम से प्रसिद्ध होता है ॥ १-३ ॥’

यदि उसके मस्तक भाग में शिवलिङ्ग हो तो उसे ‘ईश शूल’ कहते हैं। अथवा शिरोभाग में बिजौरे नीबू की आकृति से युक्त होने पर भी उसका यही नाम है। शैव शास्त्रों में वैसे शूल का वर्णन मिलता है। जिसकी ऊँचाई जङ्घावेदी के बराबर अथवा जङ्घावेदी के आधे माप की हो, वह ‘चित्रध्वज’ कहा गया है। अथवा उसका मान दण्ड के बराबर या अपनी इच्छा के अनुसार रखे। जो पीठ को आवेष्टित कर ले, वह ‘महाध्वज’ कहा गया है। चौदह, नौ अथवा छः हाथों के माप का दण्ड क्रमशः उत्तम, मध्यम और अधम माना गया है — यह विद्वान् पुरुषों द्वारा जानने के योग्य है। ध्वज का दण्ड बाँस का अथवा साखू आदि का हो तो सम्पूर्ण कामनाओं को देनेवाला होता है ॥ ४-७ ॥

यह ध्वज आरोपण करते समय यदि टूट जाय तो राजा अथवा यजमान के लिये अनिष्टकारक होता है — ऐसा जानना चाहिये। उस दशा में बहुरूप- मन्त्र द्वारा पूर्ववत् शान्ति करे। द्वारपाल आदि का पूजन तथा मन्त्रों का तर्पण करके ध्वज और उसके दण्ड को अस्त्र-मन्त्र से नहलावे । गुरु इसी मन्त्र से ध्वज का प्रोक्षण करके मिट्टी तथा कसैले जल आदि से मन्दिर को भी स्नान करावे। चूलक ( ध्वज के ऊपरी भाग) – में गन्धादि का लेप करके उसे वस्त्र से आच्छादित करे। फिर पूर्ववत् उसे शय्या पर रखकर उसमें लिङ्ग की भाँति न्यास करना चाहिये। परंतु चूलक में ज्ञानशक्ति और क्रियाशक्ति का न्यास न करे। वहाँ विशेषार्थ-बोधि का चतुर्थी भी वाञ्छित नहीं है और न उसके लिये कुम्भ या कुण्ड की ही कल्पना आवश्यक है ॥ ८-१२ ॥

दण्ड में आत्मतत्त्व का विद्यातत्त्व का तथा सद्योजात आदि पाँच मुखों का न्यास करे। फिर ध्वज में शिवतत्त्व का न्यास करे। वहाँ निष्कल शिव का न्यास करके हृदय आदि अङ्गों की पूजा करे। तदनन्तर मन्त्रज्ञ गुरु ध्वज और ध्वजाग्रभाग में संनिधीकरण के लिये फडन्त संहिता मन्त्रों द्वारा प्रत्येक भाग में होम करे। किसी और प्रकार से भी कहीं जो ध्वज- संस्कार किया गया है, वह भी इस प्रकार अस्त्र-याग करके ही करना चाहिये । ये सब बातें मनीषी पुरुषों ने करके दिखायी हैं ॥ १३–१५१/२

मन्दिर को नहलाकर, पुष्पहार और वस्त्र आदि से विभूषित करके, जङ्घावेदी के ऊपरी भाग में त्रितत्त्व आदि का न्यास, होम आदि का विधान एवं शिव का पूर्ववत् पूजन करके, उनके सर्वतत्त्वमय व्यापक स्वरूप का ध्यान करते हुए व्यापक-न्यास करे। भगवान् शिव के चरणारविन्द में अनन्त एवं कालरुद्र की भावना करके पीठ में कूष्माण्ड, हाटक, पाताल तथा नरकों की भावना करे। तदनन्तर भुवनों, लोकपालों तथा शतरुद्रादि से घिरे हुए इस ब्रह्माण्ड का ध्यान करके जङ्घावेदी में स्थापित करे ॥ १६-१९१/२

पृथ्वी, जल, तेज, वायु, आकाशरूप पञ्चाष्टक, सर्वावरणसंज्ञक, बुद्धियोन्यष्टक, योगाष्टक, प्रलय- पर्यन्त रहनेवाला त्रिगुण, पटस्थ पुरुष और वाम सिंह — इन सबका भी जङ्घावेदी में चिन्तन करे; किंतु मञ्जरी वेदिका में विद्यादि चार तत्वों की भावना करे। कण्ठ में माया और रुद्र का, अमलसार में विद्याओं का तथा कलश में ईश्वर-बिन्दु और विद्येश्वर का चिन्तन करे। चन्द्रार्धस्वरूप शूल में जटाजूट की भावना करे। उसी शूल में त्रिविध शक्तियों की तथा दण्ड में नाभि की भावना करके ध्वज में कुण्डलिनी शक्ति का चिन्तन करे। इस प्रकार मन्दिर के अवयवों में विभिन्न तत्वों की भावना करनी चाहिये ॥ २०-२४१/२

जगती से धाम (प्रासाद या मन्दिर) – का तथा पिण्डिका से लिङ्ग का संधान करके शेष सारा विधान यहाँ भी पूर्ववत् करना चाहिये। इसके बाद गुरु वाद्यों के मङ्गलमय घोष तथा वेदध्वनि के साथ मूर्तिधरों सहित शिवरूप मूल वाले ध्वज- दण्ड को उठाकर जहाँ मन्त्रोच्चारणपूर्वक शक्तिमय कमल का न्यास हुआ है तथा रत्नादि-पञ्चक का भी न्यास हो गया है, वहाँ आधार भूमि में उसे स्थापित कर दे ॥ २५-२६ ॥

जब प्रासाद-शिखर पर ध्वज लग जाय, तब यजमान अपने मित्रों और बन्धुओं आदि के साथ मन्दिर की परिक्रमा करके अभीष्ट फल का भागी होता है। गुरु को चाहिये कि वह अस्त्र आदि के साथ पाशुपत का चिरकाल तक चिन्तन करते हुए उन सबके शस्त्रयुक्त अधिपतियों को मन्दिर की रक्षा के लिये निवेदन करे। न्यूनता आदि दोष की शान्ति के लिये होम, दान और दिग्बलि करके यजमान गुरु को दक्षिणा दे। ऐसा करके वह दिव्य धाम में जाता है ॥ २७-२९ ॥

प्रतिमा, लिङ्ग और वेदी के जितने परमाणु होते हैं, उतने सहस्र युगों तक मन्दिर का निर्माण एवं प्रतिष्ठा करनेवाला यजमान दिव्यलोक में उत्तम भोग भोगता है। यही उसका प्राप्तव्य फल है ॥ ३० ॥

॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘ध्वजारोपणादि की विधि का वर्णन’ नामक एक सौ दोवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १०२ ॥

Content is available only for registered users. Please login or register

Please follow and like us:
Pin Share

Discover more from Vadicjagat

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.