अग्निपुराण – अध्याय 120
॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥
॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥
एक सौ बीसवाँ अध्याय
भुवनकोश का वर्णन
भुवनकोषः

अग्निदेव कहते हैं — वसिष्ठ ! भूमि का विस्तार सत्तर हजार योजन बताया गया है। उसकी ऊँचाई दस हजार योजन है। पृथ्वी के भीतर सात पाताल हैं। एक-एक पाताल दस-दस हजार योजन विस्तृत है। सात पातालों के नाम इस प्रकार हैं — अतल, वितल, नितल, प्रकाशमान महातल, सुतल, तलातल और सातवीं रसातल या पाताल। इन पातालों की भूमियाँ क्रमशः काली, पीली, लाल, सफेद, कँकरीली, पथरीली और सुवर्णमयी हैं। वे सभी पाताल बड़े रमणीय हैं। उनमें दैत्य और दानव आदि सुखपूर्वक निवास करते हैं। समस्त पातालों के नीचे शेषनाग विराजमान हैं, जो भगवान् विष्णु के तमोगुण प्रधान विग्रह हैं। उनमें अनन्त गुण हैं, इसीलिये उन्हें ‘अनन्त’ भी कहते हैं। वे अपने मस्तक पर इस पृथ्वी को धारण करते हैं ॥ १-४ ॥

पृथ्वी के नीचे अनेक नरक हैं, परंतु जो भगवान् विष्णु का भक्त है, वह उन नरकों में नहीं पड़ता है। सूर्यदेव से प्रकाशित होनेवाली पृथ्वी का जितना विस्तार है, उतना ही नभोलोक (अन्तरिक्ष या भुवर्लोक) – का विस्तार माना गया है। वसिष्ठ ! पृथ्वी से एक लाख योजन दूर सूर्यमण्डल है। सूर्य से लाख योजन की दूरी पर चन्द्रमा विराजमान हैं। चन्द्रमा से एक लाख योजन ऊपर नक्षत्र-मण्डल प्रकाशित होता है। नक्षत्रमण्डल से दो लाख योजन ऊँचे बुध विराजमान हैं। बुध से दो लाख योजन ऊपर शुक्र हैं। शुक्र से दो लाख योजन की दूरी पर मङ्गल का स्थान है। मङ्गल से दो लाख योजन ऊपर बृहस्पति हैं। बृहस्पति से दो लाख योजन ऊपर शनैश्चर का स्थान है। उनसे लाख योजन ऊपर सप्तर्षियों का स्थान है। सप्तर्षियों से लाख योजन ऊपर ध्रुव प्रकाशित होता है। त्रिलोकी की इतनी ही ऊँचाई है, अर्थात् त्रिलोकी (भूर्भुवः स्वः ) के ऊपरी भाग की चरम सीमा ध्रुव ही है ॥ ५-८ ॥

ध्रुव से कोटि योजन ऊपर ‘महर्लोक’ है, जहाँ कल्पान्तजीवी भृगु आदि सिद्धगण निवास करते हैं। महर्लोक से दो करोड़ ऊपर ‘जनलोक ‘की स्थिति है, जहाँ सनक, सनन्दन आदि सिद्ध पुरुष निवास करते हैं। जनलोक से आठ करोड़ योजन ऊपर ‘तपोलोक’ है, जहाँ वैराज नामवाले देवता निवास करते हैं। तपोलोक से छानबे करोड़ योजन ऊपर ‘सत्यलोक’ विराजमान है। सत्यलोक में पुनः मृत्यु के अधीन न होने वाले पुण्यात्मा देवता एवं ऋषि-मुनि निवास करते हैं। उसी को ‘ब्रह्मलोक’ भी कहा गया है। जहाँ तक पैरों से चलकर जाया जाता है, वह सब ‘भूलोक’ है। भूलोक से सूर्यमण्डल के बीच का भाग ‘भुवर्लोक’ कहा गया है। सूर्यलोक से ऊपर ध्रुवलोक तक के भाग को ‘स्वर्गलोक’ कहते हैं। उसका विस्तार चौदह लाख योजन है। यही त्रैलोक्य है और यही अण्डकटाह से घिरा हुआ विस्तृत ब्रह्माण्ड है। यह ब्रह्माण्ड क्रमशः जल, अग्नि, वायु और आकाशरूप आवरणों द्वारा बाहर से घिरा हुआ है। इन सबके ऊपर अहंकार का आवरण है। ये जल आदि आवरण उत्तरोत्तर दसगुने बड़े हैं। अहंकाररूप आवरण महत्तत्त्वमय आवरण से घिरा हुआ है ॥ ९-१३ ॥

महामुने! ये सारे आवरण एक से दूसरे के क्रम से दसगुने बड़े हैं। महत्तत्त्व को भी आवृत करके प्रधान (प्रकृति) स्थित है। वह अनन्त है; क्योंकि उसका कभी अन्त नहीं होता। इसीलिये उसकी कोई संख्या अथवा माप नहीं है। मुने! वह सम्पूर्ण जगत् का कारण है। उसे ही ‘अपरा प्रकृति’ कहते हैं। उसमें ऐसे-ऐसे असंख्य ब्रह्माण्ड उत्पन्न हुए हैं। जैसे काठ में अग्नि और तिल में तेल रहता है, उसी प्रकार प्रधान में स्वयं प्रकाश चेतनात्मा व्यापक पुरुष विराजमान है ॥ १४–१६१/२

महाज्ञान मुने! ये संश्रयधर्मी (परस्पर संयुक्त हुए) प्रधान और पुरुष सम्पूर्ण भूतों की आत्मभूता विष्णुशक्ति से आवृत हैं। महामुने! भगवान् विष्णु की स्वरूपभूता वह शक्ति ही प्रकृति और पुरुष के संयोग और वियोग में कारण है। वही सृष्टि के समय उनमें क्षोभ का कारण बनती है। जैसे जल के सम्पर्क में आयी हुई वायु उसकी कर्णिकाओं में व्याप्त शीतलता को धारण करती है, उसी प्रकार भगवान् विष्णु की शक्ति भी प्रकृति पुरुषमय जगत् को धारण करती है। विष्णु-शक्ति का आश्रय लेकर ही देवता आदि प्रकट होते हैं। वे भगवान् विष्णु स्वयं ही साक्षात् ब्रह्म हैं, जिनसे इस सम्पूर्ण जगत् की उत्पत्ति होती है ॥ १७–२०१/२

मुनिश्रेष्ठ! सूर्यदेव के रथ का विस्तार नौ सहस्र योजन है तथा उस रथ का ईषादण्ड (हरसा) इससे दूना बड़ा अर्थात् अठारह हजार योजन का है। उसका धुरा डेढ़ करोड़ सात लाख योजन लंबा है, जिसमें उस रथ का पहिया लगा हुआ है। उसमें पूर्वाह्न, मध्याह्न और अपराह्नरूप तीन नाभियाँ हैं। संवत्सर, परिवत्सर, इडावत्सर, अनुवत्सर और वत्सर — ये पाँच प्रकार के वर्ष उसके पाँच अरे हैं। छहों ऋतुएँ उसकी छ: नेमियाँ हैं और उत्तर-दक्षिण दो अयन उसके शरीर हैं। ऐसे संवत्सरमय रथचक्र में सम्पूर्ण कालचक्र प्रतिष्ठित है। महामते ! भगवान् सूर्य के रथ का दूसरा धुरा साढ़े पैंतालीस हजार योजन लंबा है। दोनों धुरों के परिमाण के तुल्य ही उसके युगार्द्धो का [^1]  परिमाण है ॥ २१-२५ ॥

उस रथ के दो धुरों में से जो छोटा है वह, और उसका युगार्द्ध ध्रुव के आधार पर स्थित है। उत्तम व्रत का पालन करनेवाले मुने! गायत्री, बृहती, उष्णिक् जगती, त्रिष्टुप् अनुष्टुप् और पंक्ति — ये सात छन्द ही सूर्यदेव के सात घोड़े कहे गये हैं। सूर्य का दिखायी देना उदय है और उनका दृष्टि से ओझल हो जाना ही अस्तकाल है, ऐसा जानना चाहिये। वसिष्ठ ! जितने प्रदेश में ध्रुव स्थित है, पृथ्वी से लेकर उस प्रदेश- पर्यन्त सम्पूर्ण देश प्रलयकाल में नष्ट हो जाता है। सप्तर्षियों से उत्तर दिशा में ऊपर की ओर जहाँ ध्रुव स्थित है, आकाश में वह दिव्य एवं प्रकाशमान स्थान ही विराट्रूपधारी भगवान् विष्णु का तीसरा पद है। पुण्य और पाप के क्षीण हो जाने पर दोषरूपी पङ्क से रहित संयतचित्त महात्माओं का यही परम उत्तम स्थान है। इस विष्णुपद से ही गङ्गा का प्राकट्य हुआ है, जो स्मरणमात्र से सम्पूर्ण पापों का नाश करनेवाली हैं ॥ २६–२९१/२

आकाश में जो शिशुमार (सूँस) की आकृतिवाला ताराओं का समुदाय देखा जाता है, उसे भगवान् विष्णु का स्वरूप जानना चाहिये। उस शिशुमारचक्र के पुच्छभाग में ध्रुव की स्थिति है। यह ध्रुव स्वयं घूमता हुआ चन्द्रमा और सूर्य आदि ग्रहों को घुमाता है। भगवान् सूर्य का वह रथ प्रतिमास भिन्न-भिन्न आदित्य- देवता, श्रेष्ठ ऋषि, गन्धर्व, अप्सरा, ग्रामणी ( यक्ष), सर्प तथा राक्षसों से अधिष्ठित होता है। भगवान् सूर्य ही सर्दी, गर्मी तथा जल वर्षा के कारण हैं। वे ही ऋग्वेद, यजुर्वेद और सामवेदमय भगवान् विष्णु हैं; वे ही शुभ और अशुभ के कारण हैं ॥ ३०–३२१/२

चन्द्रमा का रथ तीन पहियों से युक्त है। उस रथ के बायें और दायें भाग में कुन्द कुसुम की भाँति श्वेत रंग के दस घोड़े जुते हुए हैं। उसी रथ के द्वारा वे चन्द्रदेव नक्षत्रलोक में विचरण करते हैं। तैंतीस हजार तैंतीस सौ तैंतीस देवता चन्द्रदेव की अमृतमयी कलाओं का पान करते हैं। अमावास्या के दिन ‘अमा’ नामक एक रश्मि (कला) – में स्थित हुए पितृगण चन्द्रमा की बची हुई दो कलाओं में से एकमात्र अमृतमयी कला का पान करते हैं। चन्द्रमा के पुत्र बुध का रथ वायु और अग्निमय द्रव्य का बना हुआ है। उसमें आठ शीघ्रगामी घोड़े जुते हुए हैं। उसी रथ से बुध आकाश में विचरण करते हैं ॥ ३३-३६ ॥

शुक्र के रथ में भी आठ घोड़े जुते होते हैं। मङ्गल के रथ में भी उतने ही घोड़े जोते जाते हैं। बृहस्पति और शनैश्चर के रथ भी आठ-आठ घोड़ों से युक्त हैं। राहु और केतु के रथों में भी आठ-आठ ही घोड़े जोते जाते हैं। विप्रवर! भगवान् विष्णु का शरीरभूत जो जल है, उससे पर्वत और समुद्रादि के सहित कमल के समान आकारवाली पृथ्वी उत्पन्न हुई। ग्रह, नक्षत्र, तीनों लोक, नदी, पर्वत, समुद्र और वन — ये सब भगवान् विष्णु के ही स्वरूप हैं। जो है और जो नहीं है, वह सब भगवान् विष्णु ही हैं। विज्ञान का विस्तार भी भगवान् विष्णु ही हैं। विज्ञान से अतिरिक्त किसी वस्तु की सत्ता नहीं है। भगवान् विष्णु ज्ञानस्वरूप ही हैं। वे ही परमपद हैं। मनुष्य को वही करना चाहिये, जिससे चित्तशुद्धि के द्वारा विशुद्ध ज्ञान प्राप्त करके वह विष्णुस्वरूप हो जाय। सत्य एवं अनन्त ज्ञानस्वरूप ब्रह्म ही ‘विष्णु’ हैं ॥ ३७-४० ॥

जो इस भुवनकोश के प्रसंग का पाठ करेगा, वह सुखस्वरूप परमात्मपद को प्राप्त कर लेगा । अब ज्यौतिषशास्त्र आदि विद्याओं का वर्णन करूँगा। उसमें विवेचित शुभ और अशुभ – सब के स्वामी भगवान् श्रीहरि ही हैं ॥ ४१-४२ ॥

॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘भुवनकोश का वर्णन’ नामक एक सौ बीसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १२० ॥

[^1]: आधे जुए को युगार्द्ध कहते हैं।

Content is available only for registered users. Please login or register

Please follow and like us:
Pin Share

Discover more from Vadicjagat

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.