July 1, 2025 | aspundir | Leave a comment अग्निपुराण – अध्याय 210 ॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥ ॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ दो सौ दसवाँ अध्याय सोलह महादानों के नाम; दस मेरुदान, दस धेनुदान और विविध गोदानों का वर्णन महादानानि अग्निदेव कहते हैं — वसिष्ठ! अब मैं सभी प्रकार के दानों का वर्णन करता हूँ। सोलह महादान होते हैं। सर्वप्रथम तुलापुरुषदान, फिर हिरण्यगर्भदान, ब्रह्माण्डदान, कल्पवृक्षदान, पाँचवाँ सहस्र गोदान, स्वर्णमयी कामधेनु का दान, सातवाँ स्वर्णनिर्मित अश्व का दान, स्वर्णमय अश्वयुक्त रथ का दान, स्वर्णरचित हस्तिरथ का दान, पाँच हलों का दान, भूमिदान, विश्वचक्रदान, कल्पलतादान, उत्तम सप्त- समुद्रदान, रत्नधेनुदान और जलपूर्ण कुम्भदान। ये दान शुभ दिन में मण्डलाकार मण्डप में देवताओं का पूजन करके ब्राह्मण को देने चाहिये। मेरुदान भी पुण्यप्रद है। ‘मेरु’ दस माने गये हैं, उन्हें सुनो- धान्यमेरु एक हजार द्रोण धान्य का उत्तम माना गया है, पाँच सौ द्रोण का मध्यम और ढाई सौ द्रोण का अधम माना गया है। लवणाचल सोलह द्रोण का बनाना चाहिये, वही उत्तम माना गया है। गुड़-पर्वत दस भार का उत्तम माना गया है, पाँच भार का मध्यम और ढाई भार का निकृष्ट कहा जाता है। स्वर्णमेरु सहस्र पल का उत्तम, पाँच सौ पल का मध्यम और ढाई सौ पल का निकृष्ट माना गया है। तिलपर्वत क्रमशः दस द्रोण का उत्तम, पाँच द्रोण का मध्यम और तीन द्रोण का निकृष्ट कहा गया है। कार्पास (रुई) पर्वत बीस भार का उत्तम दस भार का मध्यम तथा पाँच भार का निकृष्ट है। बीस घृतपूर्ण कुम्भों का उत्तम घृताचल होता है। रजत- पर्वत दस हजार पल का उत्तम माना गया है। शर्कराचल आठ भार का उत्तम, चार भार का मध्यम और दो भार का मन्द माना गया है ॥ १–९१/२ ॥ ‘ अब मैं दस धेनुओं का वर्णन करता हूँ, जिनका दान करके मनुष्य भोग और मोक्ष को प्राप्त कर लेता है। पहली गुड़धेनु होती है, दूसरी घृतधेनु, तीसरी तिलधेनु, चौथी जलधेनु, पाँचवीं क्षीरधेनु, छठी मधुधेनु, सातवीं शर्कराधेनु, आठवीं दधिधेनु, नवीं रसधेनु और दसवीं गोरूपेण कल्पित कृष्णाजिनधेनु । इनके दान की विधि यह बतलायी जाती है कि तरल पदार्थ सम्बन्धी धेनुओं के प्रतिनिधिरूप से घड़ों में उन पदार्थों को भरकर कुम्भदान करने चाहिये और अन्य धातुओं के रूप में उन उन द्रव्यों की राशि का दान करना चाहिये ॥ १०-१२१/२ ॥ (कृष्णाजिनधेनु के दान की विधि यह है — ) गोबर से लिपी-पुती भूमि पर सब ओर दर्भ बिछाकर उसके ऊपर चार हाथ का कृष्णमृगचर्म रखे। उसकी ग्रीवा पूर्व दिशा की ओर होनी चाहिये। इसी प्रकार गोवत्स के स्थान पर छोटे आकार का कृष्णमृगचर्म स्थापित करे। वत्ससहित धेनु का मुख पूर्व की ओर और पैर उत्तर दिशा की ओर समझे। चार भार गुड़ की गुड़धेनु सदा ही उत्तम मानी गयी है। एक भार गुड़ का गोवत्स बनावे। दो भार की गौ मध्यम होती है। उसके साथ आधे भार का बछड़ा होना चाहिये। एक भार की गौ कनिष्ठ कही जाती है। इसके चतुर्थांश का वत्स इसके साथ देना चाहिये। गुड़धेनु अपने गुड़संग्रह के अनुसार बना लेनी चाहिये ॥ १३-१६ ॥ पाँच गुञ्जा का एक ‘माशा’ होता है, सोलह माशे का एक ‘सुवर्ण’ होता है, चार सुवर्ण का ‘पल’ और सौ पल की ‘तुला’ मानी गयी है। बीस तुला का एक ‘भार’ होता है एवं चार आढक (चौंसठ पल) का एक ‘द्रोण’ होता है ॥ १७-१८ ॥ गुड़निर्मित धेनु और वत्स को श्वेत एवं सूक्ष्म वस्त्र से ढकना चाहिये। उनके कानों के स्थान में सीप, चरणस्थान में ईख, नेत्रस्थान में पवित्र मौक्तिक, अलकों के स्थान पर श्वेतसूत्र, गलकम्बल के स्थान पर सफेद कम्बल, पृष्ठभाग के स्थान पर ताम्र, रोम स्थान पर श्वेत चँवर, भौंहों के स्थान पर विद्रुममणि, स्तनों के स्थान पर नवनीत, पुच्छ स्थान पर रेशमी वस्त्र, अक्षि- गोलकों के स्थान पर नीलमणि, शृङ्ग और शृङ्गाभरणों के स्थान पर सुवर्ण एवं खुरों की जगह चाँदी रखे। दन्त स्थान पर विविध फल और नासिका स्थान पर सुगन्धित द्रव्य स्थापित करे — साथ में काँसे की दोहनी भी रखे। द्विजश्रेष्ठ ! इस प्रकार धेनु की रचना करके निम्नलिखित मन्त्रों से उसकी पूजा करे — या लक्ष्मीः सर्वभूतानां या च देवेष्ववस्थिता ॥ २३ ॥ धेनुरूपेण सा देवी मम शान्तिं प्रयच्छतु । देहस्था या च रुद्राणी शङ्करस्य सदा प्रिया ॥ २४ ॥ धेनुरूपेण सा देवी मम पापं व्यपोहतु । विष्णुवक्षसि या लक्ष्मीः स्वाहा या च विभावसोः ॥ २५ ॥ चन्द्रार्कऋक्षशक्तिर्या धेनुरूपास्तु सा श्रिये । चतुर्मुखस्य या लक्ष्मीर्या लक्ष्मीर्धनदस्य च ॥ २६ ॥ लक्ष्मीर्या लोकपालानां स धेनुर्वरदास्तु मे । स्वधा त्वं पितृमुख्यानां स्वाहा यज्ञभुजां यतः ॥ २७ ॥ सर्वपापहरा धेनुस्तस्माच्छान्तिं प्रयच्छ मे । “जो समस्त भूतप्राणियों की लक्ष्मी हैं, जो देवताओं में भी स्थित हैं, वे धेनुरूपिणी देवी मुझे शान्ति प्रदान करें। जो अपने शरीर में स्थित होकर ‘रुद्राणी’ के नाम से प्रसिद्ध हैं और शंकर की सदा प्रियतमा पत्नी हैं, वे धेनुरूपधारिणी देवी मेरे पापों का विनाश करें। जो विष्णु के वक्षःस्थल पर लक्ष्मी के रूप से सुशोभित होती हैं, जो अग्नि की स्वाहा और चन्द्रमा, सूर्य एवं नक्षत्र देवताओं की शक्ति के रूप में स्थित हैं, वे धेनुरूपिणी देवी मुझे लक्ष्मी प्रदान करें। जो चतुर्मुख ब्रह्मा की साबित्री, धनाध्यक्ष कुबेर की निधि और लोकपालों की लक्ष्मी हैं, वे धेनुदेवी मुझे अभीष्ट वस्तु प्रदान करें। देवि! आप पितरों की ‘स्वधा’ एवं यज्ञभोक्ता अग्नि की ‘स्वाहा’ हैं। आप समस्त पापों का हरण करनेवाली एवं धेनुरूप से स्थित हैं, इसलिये मुझे शान्ति प्रदान करें।” इस प्रकार अभिमन्त्रित की हुई धेनु ब्राह्मण को दान दे। अन्य सब धेनुदानों की भी साधारणतया यही विधि है। इससे मनुष्य सम्पूर्ण यज्ञों का फल प्राप्त कर पापरहित हुआ भोग और मोक्ष – दोनों को सिद्ध कर लेता है ॥ १९-२९ ॥ सोने के सींगों से युक्त चाँदी के खुरोंवाली सीधी-सादी दुधारू गौ, काँसे की दोहनी, वस्त्र एवं दक्षिणा के साथ देनी चाहिये। ऐसी गौ का दान करनेवाला उस गौ के शरीर में जितने रोएँ होते हैं, उतने वर्षों तक स्वर्ग में निवास करता है। यदि कपिला का दान किया जाय तो वह सात पीढ़ियों का उद्धार कर देती है ॥ ३०-३१ ॥ स्वर्णमय शृङ्गों से युक्त, रजतमण्डित खुरोंवाली कपिला गौ का काँसे के दोहनपात्र और यथाशक्ति दक्षिणा के साथ दान करके मनुष्य भोग और मोक्ष प्राप्त कर लेता है। ‘उभयतोमुखी [^1] गौ का दान करके दाता बछड़ेसहित गौ के शरीर में जितने रोएँ होते हैं, उतने युगोंतक स्वर्ग में जाकर सुख भोगता है। उभयतोमुखी गौ का भी दान पूर्वोक्त विधि से ही करना चाहिये ॥ ३२-३३ ॥ मरणासन्न मनुष्य को भी पूर्वोक्त विधि से ही बछड़ेसहित गौ का दान करना चाहिये। (और यह संकल्प करना चाहिये — ) यमद्वारे महावीरे तप्ता वैतरणी नदी ॥ ३४ ॥ तान्तर्तुञ्च ददाम्येनां कृष्णां वैतरणीञ्च गां ॥ ३५ ॥ अत्यन्त भयंकर यमलोक के प्रवेश द्वार पर तप्तजल से युक्त वैतरणी नदी प्रवाहित होती है। उसको पार करने के लिये मैं इस कृष्णवर्णा वैतरणी गौ का दान करता हूँ’ ॥ ३४ ॥ ॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘महादानों का वर्णन नामक दो सौ दसवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ २१० ॥ [^1]: पादद्वयं मुखं योन्यां प्रसवन्त्याः प्रदृश्यते । तदा च द्विमुखी गौः स्याद्देया यावन्न सूयते ॥ (बृहत्पराशरसंहिता १० । ४४) “जब प्रसव करती हुई गौ को योनि में प्रसव होते हुए वत्स के दो पैर और मुख दिखायी देते हैं, उस समय वह ‘उभयतोमुखी’ कही जाती है उसका तभीतक दान करना चाहिये, जबतक पूर्ण प्रसव नहीं हो जाता। “ Content is available only for registered users. Please login or register Please follow and like us: Related Discover more from Vadicjagat Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe