August 4, 2025 | aspundir | Leave a comment श्रीमहाभागवत [देवीपुराण]-अध्याय-36 ॥ ॐ ऐं ह्रीं क्लीं चामुण्डायै विच्चे ॥ छत्तीसवाँ अध्याय रामोपाख्यान का प्रारम्भ, देवी कात्यायनी की आराधना से रावण का त्रैलोक्यविजयी होना, ब्रह्माजी की प्रार्थना पर विष्णु का राम के रूप में अवतरित होने का आश्वासन देना तथा जगदम्बा द्वारा रावण के वध का उपाय बताना अथः षट्त्रिंशोऽध्यायः महादेवनारदसंवादे श्रीभगवतीनारायण संवादवर्णनं नारदजी बोले — महादेव ! विश्वनाथ ! आपने जिस वार्षिकी शारदीय महापूजा की बात बताई थी, जिसे रघुवर भगवान् श्रीराम ने रावण के वध की इच्छा से भक्तिपूर्वक सम्पन्न किया था और जो जगदम्बा को अत्यन्त प्रिय है, उसका मेरे लिए विस्तार से वर्णन करें ॥ १-२ ॥ महामते ! जिस प्रकार भगवान् विष्णु ने मनुष्य रूप मे अवतार लेकर असमय में जगन्माता महेश्वरी की पूजा की थी, वह सब मुझे बताने की कृपा करें। प्रभो ! आपसे बढ़कर इस त्रिलोक में इसे बताने वाला अन्य कोई नहीं हैं। देव ! मैं आपका दास और शरणागत हूं, मुझे इस कथा से पवित्र कीजिए ॥ ३-४ ॥ श्रीमहादेव जी बोले — प्राचीनकाल में त्रैलोक्य जननी भगवती की प्रार्थना करके दशकन्धर रावण उनकी कृपा से त्रैलोक्य विजयी हो गया। उसके भक्तिभाव से प्रसन्न होकर भक्तवत्सला भवानी उस महात्मा रावण के नगर में निवास करने लगी ॥ ५-६ ॥ जब तक रावण की तपस्या का पुण्य क्षीण नहीं हो गया तब तक अपनी योगिनियों के साथ जगदम्बा उसको विजय प्रदान करते हुए वहां निवास करती रहीं ॥ ७ ॥ जगत् को सताने के कारण उसके पुण्य क्षीण होने पर प्रचण्ड तेजस्विनी जगदम्बा ने श्रीरामचन्द्रजी द्वारा पूजित होकर उसका बान्धवों सहित नाश कर दिया तथा उसकी नगरी का त्याग कर अपनी योगिनियों समेत वे कैलाश पर्वत पर चली गईं ॥ ८-९ ॥ पहले वह रावण इन्द्र आदि देवताओं को जीतकर अपने पराक्रम के घमण्ड में जगन्नाथ भगवान् विष्णु सहित त्रिलोक को कष्ट पहुंचाने लगा। मुनिश्रेष्ठ ! उस दुरात्मा राक्षसराज रावण के भय से देवगण यज्ञ हवि का भोग नहीं कर पाते थे तथा मुनिगण देवपूजन, तप और यज्ञ-यागादि नहीं करते थे। मुने ! उसके भय से प्रतिदिन उपहार सामग्रियों को लेकर उसके अनुग्रह की अपेक्षा करते हुए उसके सामने खड़े रहते थे। जो चन्द्र–सूर्यादि दूसरे दिग्पाल और देवगण थे, उस दुष्ट ने उन सबको अपना आज्ञापालक बना लिया था ॥ १०-१४ ॥ मुने ! तब उससे दुःखी होकर देवताओं ने पृथ्वी के साथ ब्रह्माजी के पास जाकर हाथ जोड़कर प्रार्थना की । — प्रभो ! जगत् के स्वामी विधाता ! पौलस्त्य (विश्रवा) – का पुत्र महान् रावण स्वयं अपने बल के घमण्ड से त्रिलोकी को पीड़ित कर रहा है। देव ! यह पृथ्वी उसके पाप कर्मों के भार को सहने में असमर्थ होकर आपके पास आयी है। उस दुष्ट के वध का कोई उपाय आप सोचें ॥ १५-१७ ॥ देवताओं के ऐसा कहने पर ब्रह्मा जी ने पृथ्वी को सांत्वना दी और वैकुण्ठ में आकर वे भगवान् विष्णु से कहने लगे — ॥ १८ ॥ संसार के पालन में तत्पर रहने वाले त्रिलोकीनाथ ! प्रभो ! लङ्का में दशकन्धर रावण अत्यन्त दुर्लभ हो गया है, उसको मारने के लिए जगत्पते ! आप मनुष्य शरीर धारण करें। विश्वपालक ! आप मनुष्य रूप में अवतार लेकर देवताओं को पीड़ित करने वाले उस दुष्ट रावण का पुत्रों और बान्धवों सहित संहार करें ॥ १९-२१ ॥ ब्रह्मा जी के इस प्रकार कहने पर भगवान् विष्णु ने रावण द्वारा सताये गए सभी देवताओं को आश्वस्त किया तथा वे महामति ब्रह्माजी से इस प्रकार कहने लगे — ॥ २२ ॥ श्रीभगवान् बोले — मैं स्वयं दशरथ के पुत्ररूप में मनुष्य-शरीर धारण करके उस दुष्ट का पुत्रों और बान्धवों सहित अवश्य ही संहार करूंगा, किंतु इस कार्य में देवता लोग रीछ और वानरों के रूप में पृथ्वी पर अवतार लेकर भूभार-हरण में मेरी सहायता करें ॥ २३-२४ ॥ ब्रह्माजी ! दूसरी बात आपको बताता हूँ कि उस दुष्ट के मारने में एक कठिनाई है, उसका आप उपाय खोजें। वह दुष्टात्मा रावण भक्तिपूर्वक त्रिलोकजननी पराम्बा कात्यायनी की पूजा करता है। वे भगवती कात्यायनी भी प्रसन्न होकर अपनी योगिनियों के साथ लङ्का में वास करती हुई उसे निरन्तर विजय प्रदान करती रहती हैं। यदि वे जगदम्बा मुझ पर प्रसन्न होकर लङ्का का त्याग कर दें तभी मैं रावण को मार पाऊँगा, अन्यथा मैं समर्थ नहीं हूँ। कमलासन ! इसके लिए जो भी करना हो, आप उसे करें। उन जगदम्बा की कृपा के बिना उस शत्रु को जीतने में कोई समर्थ नहीं है ॥ २५-२९ ॥ विधाता ! जब तक जगदम्बा कात्यायनी रावण के अनुकूल हैं तब तक वह महाबली महापराक्रमी रावण अल्प शक्तिवाले इस सारे संसार का यदि नाश भी कर दे तो भी मैं विश्वपालक उसका क्या बिगाड़ सकूँगा ॥ ३०-३१ ॥ ब्रह्माजी बोले — जगन्नाथ ! यह सत्य है कि भगवती दुर्गा की भक्ति में लगा हुआ दुष्ट भी इस संसार में कभी दुःख को प्राप्त नहीं होता। किन्तु भगवन ! उस दुष्ट के नाश का अवश्य ही उपाय है। प्रभो ! यह सारा चराचर संसार उन्हीं जगन्माता से उत्पन्न होता है और उन्हीं से पोषित होता है। जगत्पते ! इस संसार को नष्ट करने की उनकी इच्छा अकाल में नहीं हो सकती ॥ ३२-३४ ॥ मैं, आप और भगवान् शिव इस संसार की सृष्टि, स्थिति और प्रलय के निमित्तमात्र हैं, इसमें वस्तुतः एकमात्र कारण तो वे ही जगदम्बा हैं। जगत्पते ! हम सब देवगण उन्हीं के स्वरूप में अन्तर्भूत हैं। अतः हम लोगों के प्रति द्वेष करने वाले उस रावण से क्या हमारी रक्षा वे जगदम्बा नहीं करेंगी ॥ ३५-३६ ॥ श्री भगवान् बोले — ब्रह्मन ! मैं आपके साथ कैलास पर्वत पर चलूँगा और उस पौलस्त्य (विश्रवा) – के पुत्र दुष्टात्मा रावण के वध के लिए जगदीश्वरी से प्रार्थना करूँगा ॥ ३७-३८ ॥ श्रीमहादेव जी बोले — मुनीश्वर ! तब वे दोनों ब्रह्मा और विष्णु शीघ्र ही कैलास पर्वत पर गए, जहां जगन्माता पार्वती भगवान् शंकर के साथ विराजमान रहती हैं ॥ ३९ ॥ मुनिवर ! ब्रह्मा और विष्णु को आया देखकर भगवान् शिव ने उनका अभिनन्दन करके उनके आगमन का कारण पूछा ॥ ४० ॥ तब उन दोनों ने राक्षसराज रावण के उपद्रव और अपने मनोवाञ्छित विचार से युक्त सारा वृतान्त भगवान् शंकर को शीघ्र बताया। मुनिवर ! तब वे ब्रह्मा, विष्णु तथा महेश्वर एक साथ भगवती पार्वती के समीप उपस्थित हुए ॥ ४१-४२ ॥ वहां प्रसन्नमुखकमल वाली उन महेश्वरी को देखकर श्रेष्ठ देवताओं ने पृथ्वी पर गिरकर दण्डवत् प्रणाम किया ॥ ४३ ॥ उन ब्रह्मादि देवताओं को प्रणाम करते देखकर तत्क्षण कृपापूर्वक महादेवी जगदम्बा अपने परा रूप में रत्नसिंहासन पर विराजमान हो गईं। उनके अठारह भुजाएं थीं, सुन्दर हार से वक्षःस्थल सुशोभित था, उनके मस्तक पर अर्धचन्द्र की रेखा विराज रही थी और मुखकमल प्रसन्नता से देदीप्यमान था। सुन्दर दन्तपङ्क्ति और मुस्कान से उनका मुखमण्डल सुशोभित था, जिस पर तीनों नेत्र प्रकाशमान थे। भगवान् विष्णु ने भूमि से उठकर जगदम्बिका से हाथ जोड़कर रोमाञ्चित होते हुए भक्तिपूर्वक कहा — ॥ ४४-४७ ॥ श्रीभगवान् बोले — माँ ! पौलस्त्य (विश्रवा) – का पुत्र राक्षसराज रावण आपके कृपाप्रसाद के अभिमान से सम्पूर्ण जगत् को पीड़ित कर रहा है। इस कारण से सभी देवता और गन्धर्वगण ब्रह्माजी की शरण में गए और ब्रह्माजी ने भी उस दुष्ट के वध हेतु पृथ्वी पर मनुष्य रूप में मुझसे अवतार लेने को कहा। जगदीश्वरी ! मैंने भी उन्हें ऐसा ही करने का वचन दिया है कि पृथ्वी लोक में दशरथ के पुत्र रूप में अवतार लेकर मैं उस दुष्टात्मा का संहार करूँगा, किन्तु वह महाभाग नित्य ही आपकी और भगवान् महेश्वर की सेवा करता है। आप भी परम प्रसन्न होकर उसकी रक्षा हेतु उसके नगर में ही वास करती हैं। देववन्दिते ! उस देवशत्रु रावण का युद्ध में कैसे नाश होगा? जिसके संरक्षक आप और महेश्वर शिव हैं, उसे कौन मार सकता है ! शिवे ! आप तो स्वयं ही लङ्केश्वरी होकर विराजमान रहती हैं। जगदम्बा ! इस संसार की रक्षा के लिए आप ही कोई उपाय बताएं। आपको प्रणाम है — ॥ ४८-५५ ॥ श्रीदेवी जी बोली — मधुसूदन ! रावण ने दीर्घकाल तक मेरी पूजा की है। यह भी सत्य है कि मैं उसकी रक्षा के लिए ही लङ्का में निवास करती हूँ। उस महाबली रावण ने जिस भक्तिभाव से मेरी और महेश्वर की आराधना की तथा उसके फलस्वरूप उसे जो सम्पदा मिली है, उससे अब उसके लिए इस संसार में कुछ भी पाना दुर्लभ नहीं रहा। उसके सारे मनोरथ पूर्ण हो चुके हैं और उसे तपस्या का सम्पूर्ण फल प्राप्त हो चुका है ॥ ५६-५८ ॥ अब अपने बल के घमण्ड से वह इस चराचर जगत् को अपने विनाश के लिए ही पीड़ित कर रहा है। मैं स्वयं भी अब उसके संहार के बारे में सोचती हूँ। यदि कोई उपयुक्त निमित्त प्राप्त हो जाए तो मैं स्वयं ही उस दुष्ट को मार डालूँगी, किंतु मेरा स्वयं उसे मारना उचित नहीं लगता। ब्रह्माजी ने ठीक ही कहा है, आपको ही मनुष्यरूप में अवतार लेना चाहिए ॥ ५९-६१ ॥ उस रूप में आप उसके वध का प्रयत्न करें। आपके मनुष्यरूप धारण करने पर मेरी अंशभूता लक्ष्मी भी आपकी सहायता करेंगी। वे भी मनुष्यरूप में पृथ्वीतल पर अवतरित होगी। वह दुर्बुद्धि वीर रावण उन्हें देखकर कामासक्ति से मोहित होकर अत्यन्त लोभपूर्वक मेरे ही दूसरे रूप में प्रकट हुई उन देवी का बलपूर्वक अपहरण कर लेगा। उनके लङ्का में प्रवेश करने पर भगवान् शिव की अनुमति से मैं निश्चय ही उस दुष्टात्मा के विनाश के लिए लङ्का नगरी का त्याग कर दूँगी। मेरी ही दूसरी मूर्ति लक्ष्मी का जब वह अपमान करेगा तो मेरे कोप से निश्चय ही उसका नाश हो जाएगा ॥ ६२-६६ ॥ मधुसूदन ! मेरे द्वारा लङ्का नगरी का त्याग करने पर तथा उस दुष्टात्मा रावण के वध हेतु सूर्यवंश के रघुकुल में आपके मनुष्यरूप में अवतार लेने पर ब्रह्माजी के पुत्र ब्रह्मर्षि वसिष्ठ आपको मन्त्र प्रदान करेगें। मधुसूदन ! घोर संग्राम में उस परम गोपनीय मन्त्र का जब आप अपनी रक्षा तथा रावण के वध के निमित्त स्मरण करेंगे तब रावण के द्वारा चलाए हुए दारुण बाण भी आपको नहीं वेध सकेंगे ॥ ६७-७० ॥ महामते ! बाणों के उस भयंकर युद्ध में आपको मुझ संहारकारिणी का निरन्तर स्मरण करना चाहिए, उससे आपकी विजय होगी। मेरी कृपा से अत्यन्त दुस्तर समुद्र को भी लीलापूर्वक वानरों सहित पार करके निश्चय ही लङ्का में प्रवेश कर सकेंगे ॥ ७१-७२ ॥ तात ! ब्रह्माजी के बताए विधान से शरत्काल में समुद्र के तट पर मेरी मिट्टी की सुन्दर प्रतिमा बनाकर जनार्दन ! वेदोक्त विधान से मेरी पूजा करके आप उस दुर्धर्ष रावण को स्वर्णमण्डित रथ से गिरा सकेंगे। उस वीरवर रावण का पुत्रों तथा बन्धु-बान्धवों सहित युद्ध भूमि में संहार करके मेरी कृपा से आपको लङ्का विजयी की ख्याति प्राप्त हो जाएगी। इसलिए मधुसूदन ! आप दुष्टात्मा राक्षसराज रावण के वध के लिए शीघ्र ही मनुष्यरूप धारण करें ॥ ७३-७६ ॥ श्रीभगवान् बोले — माता ! आपमें उस रावण की दृढ़ भक्ति है और वह निरन्तर आपका भक्तिपूर्वक स्मरण करता रहता है। आप करुणामयी होने के कारण उसका और उसकी लङ्का का कैसे त्याग कर पाएगी? वह दुर्धर्ष रावण जब संकट आने पर आपका भक्तिपूर्वक स्मरण करेगा, तब सुरेश्वरी ! उस समय मैं उसे कैसे मार पाऊँगा, यह मुझे बताए! ॥ ७७-७८ ॥ शिवे ! परमेश्वरी ! जो आपका स्मरण करते हैं, उन्हें भय उपस्थित होने पर मैं, भगवान् शंकर और यमराज भी वहाँ पहुंचकर अपने आयुध तथा शक्ति से उनका सरंक्षण करते हैं। तब युद्धभूमि में आपका स्मरण करते हुए आपके भक्त उस रावण का मैं कैसे संहार कर पाऊँगा, जो कि मुझसे रक्षित होने योग्य है ॥ ७९-८० ॥ श्रीपार्वतीजी बोली — महाबाहो ! यह सत्य है कि युद्धभूमि में रावण मेरा स्मरण करेगा तथापि वह जिस प्रकार मृत्यु को प्राप्त होगा, उसे सुनें ॥ ८१ ॥ यह सारा संसार मेरा ही है और मैं ही इस संसार के रूप में प्रकट हूँ। जो इस संसार को पीड़ित करता है वह मुझे ही पीड़ित करता है। इस संसार को सताते हुए यदि कोई संकट आने पर मेरा भक्तिपूर्वक स्मरण करता है तो उसे सांसारिक फल नहीं मिलता, अपितु पारलौकिक फल ही मिल पाता है। इस समस्त संसार के प्रति द्वेष ना रखते हुए जो मेरा भक्तिभाव से स्मरण करता है उसका तो मैं इस लोक तथा परलोक में सदा संरक्षण करती हूँ। महामते ! आप लोग भी उस भक्ति की रक्षा के लिए यत्नवान् रहते ही है ॥ ८२-८४१/२ ॥ संकट में महान् भयभीत होकर वह रावण जब मेरा स्मरण करेगा तो उसका वह स्मरण विफल ही होगा। इस संसार में चिरकाल तक मनोवाञ्छित भोगों को भोगकर उसे परम दुर्लभ मोक्ष की प्राप्ति होगी। मधुसूदन ! शरीरधारियों के लिए इससे अधिक और क्या प्राप्य हो सकता है ! ॥ ८५-८७ ॥ लङ्कापुरी में मेरे रहते हुए उसकी युद्धभूमि में मृत्यु असम्भव है, इसलिए उस पुरी का मैं त्याग कर दूँगी। युद्धभूमि में मैं उसका संरक्षण भी नहीं करूँगी; क्योंकि वह संसार के लोगों को सताता रहता है। इसलिए आप भगवान् सदाशिव को नमस्कार करके मनुष्यरूप में अवतरित हो जाएं ॥ ८८-८९ ॥ ॥ इस प्रकार श्रीमहाभागवत महापुराण के अन्तर्गत श्रीमहादेव-नारद-संवाद में ‘श्रीभगवती-नारायण-संवाद वर्णन’ नामक छत्तीसवाँ अध्याय पूर्ण हुआ ॥ ३६ ॥ Content is available only for registered users. Please login or register Please follow and like us: Related Discover more from Vadicjagat Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe