June 24, 2025 | aspundir | Leave a comment अग्निपुराण – अध्याय 155 ॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥ ॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ एक सौ पचपनवाँ अध्याय आचार का वर्णन आचारः पुष्कर कहते हैं — परशुरामजी ! प्रतिदिन प्रातः काल ब्राह्ममुहूर्त में उठकर श्रीविष्णु आदि देवताओं का स्मरण करे। दिन में उत्तर की ओर मुख करके मल-मूत्र का त्याग करना चाहिये, रात में दक्षिणाभिमुख होकर करना उचित है और दोनों संध्याओं में दिन की ही भाँति उत्तराभिमुख होकर मल-मूत्र का त्याग करना चाहिये। मार्ग आदि पर, जल में तथा गली में भी कभी मलादि का त्याग न करे। सदा तिनकों से पृथ्वी को ढककर उसके ऊपर मल त्याग करे। मिट्टी से हाथ-पैर आदि की भलीभाँति शुद्धि करके, कुल्ला करने के पश्चात्, दन्तधावन करे। नित्य, नैमित्तिक, काम्य, क्रियाङ्ग, मलकर्षण तथा क्रिया-स्नान – ये छ: प्रकार के स्नान बताये गये हैं। जो स्नान नहीं करता, उसके सब कर्म निष्फल होते हैं; इसलिये प्रतिदिन प्रात:काल स्नान करना चाहिये ॥ १-४ ॥ ‘ कुए से निकाले हुए जल की अपेक्षा भूमि पर स्थित जल पवित्र होता है। उससे पवित्र झरने का जल, उससे भी पवित्र सरोवर का जल तथा उससे भी पवित्र नदी का जल बताया जाता है। तीर्थ का जल उससे भी पवित्र होता है और गङ्गा का जल तो सबसे पवित्र माना गया है। पहले जलाशय में गोता लगाकर शरीर का मैल धो डाले। फिर आचमन करके जल से मार्जन करे। ‘हिरण्यवर्णाः०’ आदि तीन ऋचाएँ, ‘शं नो देवीरभिष्टये०’ (यजु० ३६ । १२) यह मन्त्र, ‘आपो हि ष्ठा०’ (यजु० ३६ । १४-१६) आदि तीन ऋचाएँ तथा ‘इदमापः०’ (यजु० ६ । १७ ) यह मन्त्र – इन सबसे मार्जन किया जाता है। तत्पश्चात् जलाशय में डुबकी लगाकर जल के भीतर ही जप करे। उसमें अघमर्षण सूक्त अथवा ‘द्रुपदादिव०’ (यजु० २०२०) मन्त्र, या ‘युञ्जते मनः०’ (यजु० ५ । १४) आदि सूक्त अथवा ‘सहस्त्रशीर्षा ० ‘ (यजु० अ० ३१) आदि पुरुष सूक्त का जप करना चाहिये। विशेषतः गायत्री का जप करना उचित है। अघमर्षणसूक्त में भाववृत्त देवता और अघमर्षण ऋषि हैं। उसका छन्द अनुष्टुप् है। उसके द्वारा भाववृत्त (भक्तिपूर्वक वरण किये हुए) श्रीहरि का स्मरण होता है। तदनन्तर वस्त्र बदलकर भीगी धोती निचोड़ने के पहले ही देवता और पितरों का तर्पण करे ॥ ५- ११ ॥ फिर पुरुषसूक्त (यजु० अ० ३१) के द्वारा जलाञ्जलि दे। उसके बाद अग्निहोत्र करे। तत्पश्चात् अपनी शक्ति के अनुसार दान देकर योगक्षेम की सिद्धि के लिये परमेश्वर की शरण जाय। आसन, शय्या, सवारी, स्त्री, संतान और कमण्डलु – ये वस्तुएँ अपनी ही हों, तभी अपने लिये शुद्ध मानी गयी हैं; दूसरों की उपर्युक्त वस्तुएँ अपने लिये शुद्ध नहीं होतीं। राह चलते समय यदि सामने से कोई ऐसा पुरुष आ जाय, जो भार से लदा हुआ कष्ट पा रहा हो, तो स्वयं हटकर उसे जाने के लिये मार्ग दे देना चाहिये। इसी प्रकार गर्भिणी स्त्री तथा गुरुजनों को भी मार्ग देना चाहिये ॥ १२-१४ ॥ उदय और अस्त के समय सूर्य की ओर न देखे । जल में भी उनके प्रतिबिम्ब की ओर दृष्टिपात न करे। नंगी स्त्री, कुआँ, हत्या के स्थान और पापियों को न देखे। कपास (रुई), हड्डी, भस्म तथा घृणित वस्तुओं को न लाँधे। दूसरे के अन्तः पुर और खजानाघर में प्रवेश न करे। दूसरे के दूत का काम न करे। टूटी-फूटी नाव, वृक्ष और पर्वत पर न चढ़े। अर्थ, गृह और शास्त्रों के विषय में कौतूहल रखे। ढेला फोड़ने, तिनके तोड़ने और नख चबानेवाला मनुष्य नष्ट हो जाता है। मुख आदि अङ्गों को न बजावे। रात को दीपक लिये बिना कहीं न जाय। दरवाजे के सिवा और किसी मार्ग से घर में प्रवेश न करे। मुँह का रंग न बिगाड़े। किसी की बातचीत में बाधा न डाले तथा अपने वस्त्र को दूसरे के वस्त्र से न बदले। ‘कल्याण हो, कल्याण हो’ – यही बात मुँह से निकाले; कभी किसी के अनिष्ट होने की बात न कहे। पलाश के आसन को व्यवहार में न लावे देवता आदि की छाया से हटकर चले ॥ १५-२० ॥ दो पूज्य पुरुषों के बीच से होकर न निकले। जूठे मुँह रहकर तारा आदि की ओर दृष्टि न डाले । एक नदी में जाकर दूसरी नदी का नाम न ले । दोनों हाथों से शरीर न खुजलावे। किसी नदी पर पहुँचने के बाद देवता और पितरों का तर्पण किये बिना उसे पार न करे। जल में मल आदि न फेंके। नंगा होकर न नहाये। योगक्षेम के लिये परमात्मा की शरण में जाय। माला को अपने हाथ से न हटाये । गदहे आदि की धूल से बचे। नीच पुरुषों को कष्ट में देखकर कभी उनका उपहास न करे। उनके साथ अनुपयुक्त स्थान पर निवास न करे। वैद्य, राजा और नदी से हीन देश में न रहे। जहाँ के स्वामी म्लेच्छ, स्त्री तथा बहुत से मनुष्य हों, उस देश में भी न निवास करे। रजस्वला आदि तथा पतितों के साथ बात न करे। सदा भगवान् विष्णु का स्मरण करे। मुँह के ढके बिना न जोर से हँसे, न जँभाई ले और न छींके ही ॥ २१-२५ ॥ विद्वान् पुरुष स्वामी के तथा अपने अपमान की बात को गुप्त रखे। इन्द्रियों के सर्वथा अनुकूल न चले- उन्हें अपने वश में किये रहे। मल-मूत्र के वेग को न रोके। परशुरामजी! छोटे-से भी रोग या शत्रु की उपेक्षा न करे। सड़क लाँघकर आने के बाद सदा आचमन करे। जल और अग्नि को धारण न करे। कल्याणमय पूज्य पुरुष के प्रति कभी हुंकार न करे। पैर को पैर से न दबावे । प्रत्यक्ष या परोक्ष में किसी की निन्दा न करे। वेद, शास्त्र, राजा, ऋषि और देवता की निन्दा करना छोड़ दे। स्त्रियों के प्रति ईर्ष्या न रखे तथा उनका कभी विश्वास भी न करे। धर्म का श्रवण तथा देवताओं से प्रेम करे। प्रतिदिन धर्म आदि का अनुष्ठान करे। जन्म नक्षत्र के दिन चन्द्रमा, ब्राह्मण तथा देवता आदि की पूजा करे। षष्ठी, अष्टमी और चतुर्दशी को तेल या उबटन न लगावे। घर से दूर जाकर मल-मूत्र का त्याग करे। उत्तम पुरुषों के साथ कभी वैर-विरोध न करे ॥ २६-३१ ॥ ॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘आचार का वर्णन’ नामक एक सौ पचपनवाँ अध्याय पूरा हुआ ॥ १५५ ॥ Content is available only for registered users. Please login or register Please follow and like us: Related Discover more from Vadicjagat Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe