June 15, 2025 | aspundir | Leave a comment अग्निपुराण – अध्याय 092 ॥ ॐ श्रीगणेशाय नमः ॥ ॥ ॐ नमो भगवते वासुदेवाय ॥ बानबेवाँ अध्याय प्रतिष्ठा के अङ्गभूत शिलान्यास की विधि का वर्णन प्रतिष्ठाविधिकथनम् भगवान् शिव कहते हैं — स्कन्द ! अब मैं संक्षेप से और क्रमशः प्रतिष्ठा का वर्णन करूँगा । पीठ शक्ति है और लिङ्ग शिव। इन दोनों (पीठ और लिङ्ग अथवा शक्ति और शिव) के योग में शिव-सम्बन्धी मन्त्रों द्वारा प्रतिष्ठा की विधि सम्पादित होती है। प्रतिष्ठा के ‘प्रतिष्ठा’ आदि पाँच भेद [^1] हैं। उनका स्वरूप तुम्हें बता रहा हूँ। जहाँ ब्रह्मशिला का योग हो, वहाँ विशेषरूप से की हुई स्थापना ‘प्रतिष्ठा’ कही गयी है। पीठ पर ही यथायोग्य जो अर्चा-विग्रह को पधराया जाता है, उसे ‘स्थापन’ कहते हैं। प्रतिष्ठा (ब्रह्मशिला) से भिन्न की स्थापना को ‘स्थिर स्थापन’ कहते हैं। लिङ्ग के आधारपूर्वक जो स्थापना होती है, उसे ‘उत्थापन’ कहा गया है। जिस प्रतिष्ठा में लिङ्ग को आरोपित करके विद्वानों द्वारा उसका संस्कार किया जाता है, उसकी ‘आस्थापन’ संज्ञा है। ये शिव प्रतिष्ठा के पाँच भेद हैं। ‘आस्थान’ और ‘उत्थान’ भेद से विष्णु आदि की प्रतिष्ठा दो प्रकार की मानी गयी है। इन सभी प्रतिष्ठाओं में चैतन्यस्वरूप परमशिव का नियोजन करे। ‘पदाध्वा’ आदि भेद से प्रासादों में भी पाँच प्रकार की प्रतिष्ठा बतायी गयी है [^2] । प्रासाद की इच्छा से पृथ्वी की परीक्षा करे। जहाँ की मिट्टी का रंग श्वेत हो और घी की सुगन्ध आती हो, वह भूमि ब्राह्मण के लिये उत्तम बतायी गयी है। इसी तरह क्रमशः क्षत्रिय के लिये लाल तथा रक्त की-सी गन्धवाली मिट्टी, वैश्य के लिये पीली और सुगन्धयुक्त मिट्टीवाली तथा शूद्र के लिये काली एवं सुरा की-सी गन्धवाली मिट्टी से युक्त भूमि श्रेष्ठ कही गयी है ॥ १-७ ॥’ पूर्व, ईशान, उत्तर अथवा सब ओर नीची और मध्य में ऊँची भूमि प्रशस्त मानी गयी है [^3] । एक हाथ गहराई तक खोदकर निकाली हुई मिट्टी यदि फिर उस गड्ढे में डाली जाने पर अधिक हो जाय तो वहाँ की भूमि को उत्तम समझे। अथवा जल आदि से उसकी परीक्षा करे। [^4] हड्डी और कोयले आदि से दूषित भूमि का खोदने, वहाँ गौओं को ठहराने अथवा बारंबार जोतने आदि के द्वारा अच्छी तरह शोधन करे। नगर, ग्राम, दुर्ग, गृह और प्रासाद का निर्माण कराने के लिये उक्त प्रकार से भूमि शोधन आवश्यक है। मण्डप में द्वारपूजा से लेकर मन्त्र तर्पण – पर्यन्त सम्पूर्ण कर्म का सम्पादन करके विधिपूर्वक घोरास्त्र सहस्रयाग करे। बराबर करके लिपी पुती भूमि पर दिशाओं का साधन करे। सुवर्ण, अक्षत और दही के द्वारा प्रदक्षिणक्रम से रेखाएँ खींचे। मध्यभाग से ईशान कोष्ठ में स्थित भरे हुए कलश में शिव का पूजन करे। फिर वास्तु की पूजा करके उस कलश के जल से कुदाल आदि को सींचे मण्डप से बाहर राक्षसों और ग्रहों का पूजन करके दिशाओं में विधिपूर्वक बलि दे ॥ ८- १३१/२ ॥ कलश में पूजा करके लग्न आने पर अग्निकोणवर्ती कोष्ठ में पहले जिसका अभिषेक किया गया था, उस मधुलिप्त कुदाल से धरती खुदावे और मिट्टी को नैर्ऋत्यकोण में फेंके। खोदे गये गड्ढे में कलश का जल गिरा दें। फिर भूमि का अभिषेक करके कुदाल आदि को नहलाकर उसका पूजन करे। तत्पश्चात् दूसरे कलश को दो वस्त्रों से आच्छादित करके ब्राह्मण के कंधे पर रखकर गाजे-बाजे और वेदध्वनि के साथ नगर की पूर्व सीमा के अन्त तक जितनी दूर जाना अभीष्ट हो, उतनी दूर ले जाय और वहाँ क्षणभर ठहरकर वहाँ से नगर के चारों ओर प्रदक्षिणक्रम से चलते हुए ईशानकोणतक उस कलश को घुमावे। साथ ही सीमान्तचिह्नों का अभिषेक करता रहे ॥ १४- १८ ॥ इस प्रकार रुद्र कलश को नगर के चारों ओर घुमाकर भूमि का परिग्रह करे। इस क्रिया को ‘अर्घ्यदान’ कहा गया है। तदनन्तर शल्यदोष का निवारण करने के लिये भूमि को इतनी गहराई तक खुदवावे, जिससे कंकड़-पत्थर अथवा पानी दिखायी देने लगे। अथवा यदि शल्य (हड्डी आदि) का ज्ञान हो जाय तो उसे विधिपूर्वक खुदवाकर निकाल दे। यदि कोई लग्न-काल में प्रश्न पूछे और उसके मुख से अ, क, च, ट, त प, स और ह — इन वर्गों के अक्षर निकलें तो इनकी दिशाओं में शल्य की स्थिति सूचित होती है। अथवा द्विज आदि वहाँ गिरें तो ये सब उस स्थान में शल्य होने की सूचना देते हैं। कर्ता के अपने अङ्ग विकार से उसके ही बराबर शल्य होने का निश्चय करे। पशु आदि के प्रवेश से, कीर्तन से तथा पक्षियों के कलरवों से शल्य की दिशा का ज्ञान प्राप्त करे ॥ १९-२२ ॥ किसी पट्टी पर या भूमि पर अकारादि आठ वर्गों से युक्त मातृका–वर्णों को लिखे। वर्ग के अनुसार क्रमशः पूर्व से लेकर ईशानतक की दिशाओं में शल्य की जानकारी प्राप्त करे। ‘अ’ वर्ग में पूर्व दिशा की ओर लोहा होने का अनुमान करे। ‘क’ वर्ग में अग्निकोण की ओर कोयला जाने। ‘च’ वर्ग में दक्षिण दिशा की ओर भस्म तथा ‘ट’ वर्ग में नैर्ऋत्यकोण की ओर अस्थि का होना समझे। ‘त’ वर्ग में पश्चिम दिशा की ओर ईंट, ‘प’ वर्ग में वायव्यकोण की ओर खोपड़ी, ‘य’ वर्ग में उत्तर दिशा की ओर मुर्दे और कीड़े आदि और ‘स’ वर्ग में ईशानकोण की ओर लोहे का होना बतावे । इसी प्रकार ‘ह’ वर्ग में चाँदी होने का अनुमान करे । ‘क्ष’ वर्गयुक्त दिग्भाग से उसी दिशा में अन्य अनर्थकारी वस्तुओं के होने का अनुमान करे। एक-एक हाथ लंबे नौ शिलाखण्डों का प्रोक्षण करके, उन्हें आठ-आठ अङ्गुल मिट्टी के भीतर गाड़ दे। फिर वहाँ पानी डालकर उन पर मुद्गर से आघात करे। जब वे प्रस्तर तीन चौथाई भाग तक गड्ढे के भीतर धँस जायँ, तब उस खात को भरकर, लीप-पोतकर वहाँ की भूमि को बराबर कर दे। ऐसा करवाकर गुरु सामान्य अर्घ्य हाथ में लिये आगे बताये जानेवाले मण्डल (या मण्डप) – की ओर जाय । मण्डप के द्वार पर द्वारपालों का पूजन (आदर-सत्कार) करके पश्चिम द्वार से उसके भीतर प्रवेश करे ॥ २३- २८ ॥ वहाँ आत्मशुद्धि आदि कुण्ड मण्डप का संस्कार करे। कलश और वार्धानी आदि का स्थापन करके लोकपालों तथा शिव का अर्चन करे। अग्नि का जनन और पूजन आदि सब कार्य पूर्ववत् करे। तत्पश्चात् गुरु यजमान के साथ शिलाओं के स्नान- मण्डप में जाय । वे शिलाएँ प्रासाद-लिङ्ग के चार पाये हैं। उनके नाम हैं — क्रमशः धर्म, ज्ञान, वैराग्य और ऐश्वर्य अधर्म, अज्ञान, अवैराग्य और अनैश्वर्य आदि। उनकी ऊँचाई आठ अङ्गुल की हो तो अच्छी मानी गयी है। वे चौकोर हों और उनकी लंबाई एक हाथ की हो, इस माप से प्रस्तर की शिलाएँ बनवानी चाहिये। ईंटों की शिलाओं का माप आधा होना चाहिये। प्रस्तरखण्ड से बने हुए प्रासाद में जो शिलाएँ उपयोग में लायी जायँ अथवा ईंटों के बने हुए मन्दिर में जो ईंटें लगें, उनमें से नौ शिलाएँ अथवा ईंटें वज्र आदि चिह्नों से अङ्कित हों, अथवा पाँच शिलाएँ कमल के चिह्नों से अङ्कित हों। इन अङ्कित शिलाओं से ही मन्दिर निर्माण का कार्य आरम्भ किया जाय ॥ २९-३२१/२ ॥ पाँच शिलाओंके नाम इस प्रकार हैं — नन्दा, भद्रा, जया, रिक्ता और पूर्णा । इन पाँचों के निधिकुम्भ इस प्रकार हैं — पद्म, महापद्म, शङ्ख, मकर और समुद्र नौ शिलाओं के नाम इस प्रकार हैं — नन्दा, भद्रा, जया, पूर्णा, अजिता, अपराजिता, विजया, मङ्गला और नवमी शिला धरणी है। इन नवों के निधिकलश क्रमश: इस प्रकार जानने चाहिये — सुभद्र, विभद्र, सुनन्द, पुष्पदन्त, जय, विजय, कुम्भ, पूर्व और उत्तर प्रणवमय आसन देकर अस्त्र-मन्त्र से ताड़न और उल्लेखन करने के पश्चात् इन सब शिलाओं को सामान्य रूप से कवच – मन्त्र से अवगुण्ठित करना चाहिये। अस्त्र- मन्त्र के अन्त में ‘हूं फट्’ लगाकर उसका उच्चारण करते हुए मिट्टी, गोबर, गोमूत्र, कषाय तथा गन्धयुक्त जल से मलस्नान करावे। तत्पश्चात् विधिपूर्वक पञ्चगव्य और पञ्चामृत से स्नान कराना चाहिये। इसके बाद गन्धयुक्त जल से स्नान कराने के अनन्तर अपने नाम से अङ्कित मन्त्र द्वारा फल, रत्न, सुवर्ण तथा गोशृङ्ग के जल से और चन्दन से शिला को चर्चित करके उसे वस्त्रों से आच्छादित करे ॥ ३३–४०१/२ ॥ खडुत्थ आसन देकर, यागमण्डप की परिक्रमा करके, उस शिला को ले जाय और हृदय–मन्त्र द्वारा उसे शय्या अथवा कुश के बिस्तर पर सुला दे। वहाँ पूजन करके, बुद्धि से लेकर पृथिवी पर्यन्त तत्त्वसमूहों का न्यास करने के पश्चात्, त्रिखण्ड व्यापक तत्त्वत्रय का उन शिलाओं में क्रमश: न्यास करे। बुद्धि से लेकर चित्त तक, चित्त के भीतर मातृका तक और तन्मात्रा से लेकर पृथिवी पर्यन्त शिवतत्त्व विद्यातत्त्व तथा आत्मतत्त्व की स्थिति है। पुष्पमाला आदि से चिह्नित स्थानों पर क्रमशः तीनों तत्त्वों का अपने मन्त्र से और तत्त्वेशों का हृदय-मन्त्र से पूजन करे। पूजन के मन्त्र इस प्रकार हैं— ॐ हूं शिवतत्त्वाय नमः । ॐ हां शिवतत्त्वाधिपाय रुद्राय नमः । ॐ हां विद्यातत्त्वाय नमः । ॐ हां विद्यातत्त्वाधिपाय विष्णवे नमः । ॐ हां आत्मतत्त्वाय नमः । ॐ हां आत्मतत्त्वाधिपतये ब्रह्मणे नमः । ॥ ४१-४६ ॥ प्रत्येक तत्त्व और प्रत्येक शिला में पृथ्वी, अग्नि, यजमान, सूर्य, जल, वायु, चन्द्रमा और आकाश — इन आठ मूर्तियों का न्यास करे। फिर क्रमशः शर्व, पशुपति, उग्र, रुद्र, भव, ईश्वर (या ईशान), महादेव तथा भीम — इन मूर्तीश्वरों का न्यास करे। मूर्तियों तथा मूर्तीश्वरों के मन्त्र इस प्रकार हैं — ॐ धरामूर्तये नमः । ॐ धराधिपतये शर्वाय नमः। इसके बाद अनन्त आदि लोकपालों का क्रमशः अपने मन्त्रों से न्यास करे। इन्द्र आदि लोकपालों के बीज आगे बताये जानेवाले क्रम से यों जानने चाहिये — ल्रूं, रूं, य्रूं व्रूं, श्रूं, ष्रूं, स्रूं, हूं, क्षूं। यह नौ शिलाओं के पक्ष में बताया गया है। जब पाँच पद की शिलाएँ हों, तब प्रत्येक तत्त्वमयी शिला में स्पर्शपूर्वक पृथ्वी आदि पाँच मूर्तियों का न्यास करे। उक्त मूर्तियों के पाँच मूर्तीश इस प्रकार हैं— ब्रह्मा, विष्णु, रुद्र, ईश्वर और सदाशिव । इन पाँचों का उक्त पाँचों मूर्तियों में पूर्ववत् पूजन करना चाहिये ॥ ४७-५३ ॥ ॐ पृथिवीमूर्तये नमः । ॐ पृथिवीमूर्त्यधिपतये ब्रह्मणे नमः ।’ इत्यादि मन्त्र पूजन के लिये जानने चाहिये। क्रमशः पाँच कलशों का अपने नाम मन्त्रों से पूजन करके उन्हें स्थापित करे। मध्यशिला के क्रम से विधिपूर्वक न्यास करे। विभूति, कुशा और तिलों से अस्त्र-मन्त्र द्वारा प्राकार की कल्पना करे। कुण्डों में आधार शक्ति का न्यास और पूजन करके तत्त्वों, तत्त्वाधिपों, मूर्तियों तथा मूर्तीश्वरों का घृत आदि से तर्पण करे। तत्पश्चात् ब्रह्मात्म-शुद्धि के लिये मूल के अङ्गभूत ब्रह्म- मन्त्रों द्वारा क्रमशः सौ-सौ आहुतियाँ देकर पूर्णाहुति- पर्यन्त होम करने के पश्चात् शान्ति जल से शिलाओं का प्रोक्षणपूर्वक पूजन करे। कुशाओं द्वारा स्पर्श करके प्रत्येक तत्त्व में क्रमशः सांनिध्य और संधान करके फिर शुद्ध-न्यास करे। इस प्रकार जा- जाकर तीन भागों में कर्म करे। मन्त्र यों हैं— ॐ आम् ईम् आत्मतत्त्वविद्यातत्त्वाभ्यां नमः ।’ इति ॥ ५४-६० ॥ मूल आदि से क्रमश: तत्त्वेशादि तीन का स्पर्श करे। इसके बाद हस्व-दीर्घ के प्रयोगपूर्वक तत्त्वानुसंधान करे। इसके लिये मन्त्र यों है — ॐ ई ऊं विद्यातत्त्वशिवतत्त्वाभ्यां नमः ।’ तदनन्तर घी और मधु से भरे हुए पञ्चरत्नयुक्त और पञ्चगव्य से अग्रभाग में अभिषिक्त पाँच कलशों का, जिनके देवता पञ्च लोकपाल हैं, अपने मन्त्रों से पूजन करके उनके निकट होम करे। फिर समस्त शिलाओं के अधिदेवताओं का ध्यान करे। वे शिलाधिदेवता विद्यास्वरूप हैं, स्नान कर चुके हैं। उनकी अङ्गकान्ति सुवर्ण के समान उद्दीप्त होती है। वे उज्ज्वल वस्त्र धारण करते हैं और समस्त आभूषणों से सम्पन्न हैं।’ न्यूनतादि दोष दूर करने के लिये तथा वास्तु-भूमि की शुद्धि के लिये अस्त्र-मन्त्र द्वारा पूर्णाहुति-पर्यन्त सौ-सौ आहुतियाँ दे ॥ ६१-६५ ॥ ॥ इस प्रकार आदि आग्नेय महापुराण में ‘प्रतिष्ठा के अङ्गभूत शिलान्यास की विधि का वर्णन’ नामक बानवेवां अध्याय पूरा हुआ ॥ ९२ ॥ [^1]: प्रतिष्ठा, स्थापन, स्थिर स्थापन, उत्थापन और आस्थापन । [^2]: ‘अध्या’ छ: कहे गये हैं — तत्त्वाध्या पदाध्या, वर्णाध्या, मन्त्राध्या, कलाध्या और भुवनाध्या इनमें से प्रथम को छोड़कर शेष पाँचों के भेद से यहाँ पाँच प्रकार की प्रतिष्ठा का निर्देश किया गया है। [^3]: समराङ्गणसूत्रधार’ में भी इससे मिलती-जुलती बात कही गयी है- अनूषरा बहुतृणा शस्ता स्निग्धोत्तरपक्वा । प्राणीशानप्लवा सर्वप्लवा वा दर्पणोदरा ॥ ( आठवाँ अ० भूमि-परीक्षा ६-७) [^4]: “समराङ्गणसूत्रधार के अनुसार जल से परीक्षा करने की विधि इस प्रकार है — गड्ढा खोदकर उसकी मिट्टी निकालकर मिट्टी से ही पूरित करने के बजाय पानी भरना चाहिये। पानी भरकर सौ कदम (पदशतं व्रजेत्) चलना चाहिये। पुनः लौट आने पर यदि पानी जितना था उतना ही रहे तो श्रेष्ठ, कुछ कम (१/२) हो जाय तो मध्यम और बहुत कम (१/४) अथवा और अधिक कम हो निकृष्ट समझना चाहिये। समराङ्गण की इस प्रक्रिया में मत्स्यपुराण-प्रक्रिया की छाप है। परंतु मयमुनि ने इस प्रक्रिया के सम्बन्ध में और भी कठोरता दिखायी है। उनके अनुसार गड्ढे में सायंकाल पानी भरा जाय और दूसरे दिन प्रातः उसकी परीक्षा करनी चाहिये। यदि उसमें प्रात: भी कुछ पानी के दर्शन हो जायें तो उसे अत्युत्कृष्ट भूमि समझना चाहिये। इसके विपरीत गुणवाली भूमि अनिष्टदायिनी तथा वर्ज्य है। Content is available only for registered users. Please login or register Please follow and like us: Related Discover more from Vadicjagat Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe